
बिलासपुर। तिफरा स्थित बिजली कार्यालय में देर रात अचानक फॉल्स सीलिंग का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। सीलिंग के साथ भवन में लगी लाइट, पंखे और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा देर रात होने के कारण कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं थी, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
जानकारी के अनुसार, बिजली कार्यालय परिसर में एक अधिकारी के सेवानिवृत्ति समारोह की तैयारी की जानी थी। ऐसे में यदि फॉल्स सीलिंग गिरने की घटना दिन के समय होती, तो इसकी चपेट में अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग आ सकते थे। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कार्यालय में फॉल्स सीलिंग का काम करीब तीन महीने पहले ही कराया गया था। इतने कम समय में सीलिंग का बड़ा हिस्सा गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों और कार्यालय से जुड़े लोगों के बीच भी यह चर्चा है कि आखिर नई फॉल्स सीलिंग इतनी जल्दी कैसे कमजोर हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिजली कंपनी के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के निर्देश दिए हैं। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि फॉल्स सीलिंग गिरने की वास्तविक वजह क्या थी। साथ ही निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता, काम की तकनीकी गुणवत्ता और निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।
फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने कार्यालय भवन में कराए गए हालिया निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि फॉल्स सीलिंग गिरने के पीछे तकनीकी कारण था या निर्माण कार्य में लापरवाही अथवा घटिया सामग्री के इस्तेमाल की भूमिका रही।