बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अड्डेबाजी, नशाखोरी और अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने नयापारा, गणेश नगर, तिफरा समेत चिन्हांकित स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाकर पांच आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। बीट आरक्षकों द्वारा थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और अड्डेबाजी वाले स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान देवेन्द्र पाटले (22), शेख महबूब (20), कपूर नवरंग (29), आनंद राजपूत (24) सभी निवासी नयापारा गणेश नगर, थाना सिरगिट्टी तथा सिद्धार्थ वर्मा उर्फ बांदुल (20), निवासी विष्णु चौक तिफरा को पकड़ा गया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक स्थानों पर बाधा उत्पन्न करने, अड्डेबाजी और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में नशाखोरी, अड्डेबाजी अथवा कानून व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।