बिलासपुर। शहर और आउटर इलाकों में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कुछ दिनों में चोरों ने पत्रकार के निर्माणाधीन व्यावसायिक परिसर, दो दुकानों, सुलभ कॉम्प्लेक्स और एक सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी, जेवरात और अन्य सामान पार कर दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कई वारदातों में नकाबपोश चोर सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं।

पत्रकार के निर्माणाधीन भवन से चार बोरी तार चोरी

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर मुख्य मार्ग स्थित पत्रकार कल्याण दास लालवानी के निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन में चोर देर रात करीब 2.50 बजे खिड़की के रास्ते दाखिल हुए। आरोपियों ने वहां लगी वायरिंग काट दी और नए बंडल सहित करीब चार बोरी तार चोरी कर ले गए।

पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। भवन मालिक ने पूर्व इलेक्ट्रीशियन ठेकेदार पर चोरी कराने का संदेह जताते हुए पुलिस को जानकारी दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

दो दुकानों के शटर और दरवाजे तोड़कर चोरी

सिविल लाइन क्षेत्र के कुदुदंड में चोरों ने श्री हनुमान टेलीकॉम और उसके बगल में स्थित श्री बालाजी हॉट चिप्स दुकान को निशाना बनाया। रूपेश कुमार तिवारी की श्री हनुमान टेलीकॉम का शटर तोड़कर चोर करीब 5 हजार रुपए नकद और स्मार्ट वॉच ले गए।

इसके बाद चोरों ने बगल की दुकान के पिछले दरवाजे को तोड़कर करीब 3 हजार रुपए नकद और चांदी का सिक्का चोरी कर लिया। दोनों दुकानों में हुई चोरी से कुल करीब 10,900 रुपए के सामान और नकदी के नुकसान की जानकारी सामने आई है। दुकान संचालक सुभाष साहनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वारदात को अंजाम देने वाला नकाबपोश संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।

45 मिनट में घर से नकदी और चांदी की पायल चोरी

बिल्हा थाना क्षेत्र के मुड़ीपार में पेट्रोल पंप मैनेजर सुभाष सोनी के घर दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई। बताया गया कि उनकी बहन बच्चों को स्कूल से लेने गई थी। करीब 45 मिनट बाद जब वह वापस लौटी तो घर में चोरी का पता चला।

अज्ञात चोर ने ड्रेसिंग टेबल से चाबी निकालकर लॉकर खोला और उसमें रखे 10 हजार रुपए नकद तथा चांदी की पायल चोरी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

सुलभ कॉम्प्लेक्स से 15 हजार का सामान पार

तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में भी चोरों ने धावा बोला। सुलभ की देखरेख करने वाले सोनू साहू के कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर पानी की मोटर, गैस चूल्हा, इलेक्ट्रिक ऑटो का चार्जर और मोबाइल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है।

CCTV फुटेज से चोरों की तलाश

लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग घटनास्थलों का निरीक्षण किया है। दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जुटाकर संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई की जाएगी।

लगातार हो रही इन वारदातों ने शहर और आउटर क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब अलग-अलग घटनाओं के बीच किसी तरह का आपसी संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है।