बिलासपुर। मंग मंगला चौक स्थित 36 सिटी मॉल के एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली दिल्ली निवासी युवती ने स्पा संचालक और उसके भाई पर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि वह पिछले महीने की बकाया सैलरी मांगने पहुंची थी, जहां उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई तथा उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमन सेन और लोकेश सेन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सकरी थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि वह करीब तीन महीने से 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम कर रही थी। आरोप है कि स्पा संचालक अमन सेन और उसका बड़ा भाई लोकेश सेन उस पर गलत नीयत रखते थे। युवती के मुताबिक अमन उसे अक्सर प्राइवेट केबिन में ले जाता था और अनुचित तरीके से स्पर्श करता था।

पीड़िता ने बताया कि उसने इसका विरोध किया और काम छोड़ने की बात कही, जिसके बाद उसका वेतन रोक दिया गया। युवती ने स्पा सेंटर में देह व्यापार कराए जाने का भी आरोप लगाया है।

22 अगस्त को सैलरी मांगने पहुंची थी

पीड़िता के अनुसार 22 अगस्त को वह अपनी बकाया सैलरी मांगने स्पा सेंटर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान अमन सेन और उसके भाई लोकेश सेन ने उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। दोनों ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी और उसका मोबाइल छीन लिया।

शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने अमन सेन और लोकेश सेन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।