बिलासपुर। कोटा में रात के समय घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी और वाहन की चाबी छीनने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग लोगों की शिकायत पर 3 मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, राम मंदिर चौक पड़ावपारा निवासी आकाश तिवारी (35) के खिलाफ 6 अक्टूबर को पहली शिकायत दर्ज हुई। आरोप है कि वह रात में घर के अंदर घुस गया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उसने शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ धक्का-मुक्की भी की।

इसी दिन एक अन्य शिकायत में आरोप लगाया गया कि आकाश तिवारी ने शराब के नशे में रास्ते में वाहन रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद वाहन की चाबी छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। तीसरे मामले में भी शराब के नशे में गाली-गलौज और मारपीट करने की शिकायत सामने आई।

तीनों शिकायतों पर कोटा पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी आकाश तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीप साहू और आरक्षक धर्मेंद्र साहू की विशेष भूमिका रही।