बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में राखी पर्व के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की उसके ही भाई ने लोहे के सब्बल से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को मृतक सुभाष कुर्रे के घर उसकी बड़ी बहन परिवार के साथ राखी का त्योहार मनाने पहुंची थी। शाम करीब 5 बजे सुभाष के भांजे-भांजी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान सुभाष का छोटा भाई सुदर्शन कुर्रे (36) वहां पहुंचा और भांजे-भांजी को गाली-गलौज करने की बात पर सुभाष से विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने पर सुदर्शन घर से लाठी लेकर आया और सुभाष से मारपीट करने लगा। परिजनों ने लाठी छीन ली, जिसके बाद आरोपी अपने घर से लोहे का सब्बल लेकर आया और सुभाष के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 619/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी के गांव में घेराबंदी कर उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।