बिलासपुर। राजेंद्र नगर क्षेत्र के राशन कार्डधारकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन लेने के लिए लंबे समय से अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। क्षेत्र के लिए निर्धारित खाद्य सुरक्षा दुकान आईडी 401001133 वर्षों से अपने मूल क्षेत्र राजेंद्र नगर के बजाय रामा मैग्नेटो मॉल के पास संचालित हो रही है। दुकान दूर होने के कारण हर माह राशन लेने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार दुकान राजेंद्र नगर में ही संचालित हो तो उन्हें काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान स्थान तक पहुंचने और राशन लेकर वापस लौटने में सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और अधिक सामान ले जाने वाले उपभोक्ताओं को होती है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकानें उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए उनके क्षेत्र के आसपास होनी चाहिए, लेकिन यहां लंबे समय से स्थिति इसके विपरीत बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कुछ समय से नहीं, बल्कि कई वर्षों से चली आ रही है। हर महीने राशन लेने के लिए उपभोक्ताओं को मैग्नेटो मॉल के आसपास जाना पड़ता है। ऐसे में लोगों ने दुकान को दोबारा राजेंद्र नगर क्षेत्र में संचालित करने की मांग की है।

इधर, खाद्य विभाग के अधिकारियों ने भी समस्या को स्वीकार करते हुए दुकान को राजेंद्र नगर क्षेत्र में वापस लाने का प्रयास किए जाने की बात कही है। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुकान के संचालन स्थल को मूल क्षेत्र में लाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।

हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना है कि समस्या वर्षों पुरानी है, इसलिए अब आश्वासन के बजाय जल्द कार्रवाई की जरूरत है। लोगों को उम्मीद है कि विभाग जल्द दुकान को राजेंद्र नगर में वापस लाकर उन्हें राहत देगा।