बिलासपुर। पूर्व रंजिश के चलते मारपीट कर मृत्यु कारित करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से अधिवक्ता है और घटना के बाद से कोलकाता सहित अन्य राज्यों में छिपकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने उसे 20 अगस्त को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को आरोपी संतोष पासवान (35), निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा ने अपने अन्य साथियों के साथ पूर्व रंजिश के चलते परिचित ईश्वर गोड के साथ मारपीट की थी। मारपीट में ईश्वर गोड को गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 280/2026 के तहत धारा 105, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले में शामिल आरोपी मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है।
घटना के बाद मुख्य आरोपी संतोष पासवान फरार हो गया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कोलकाता सहित अन्य राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा है। पुलिस टीम लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने परिवार से मिलने के लिए घर आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तोरवा पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी के घर पर दबिश दी और 20 अगस्त 2026 को संतोष पासवान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।