बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तलवार बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि ग्राम पचपेड़ी की बस्ती में एक युवक हाथ में तलवार लेकर लहरा रहा है और आने-जाने वाले आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित पाटले (21), पिता जगनू पाटले, निवासी पचपेड़ी, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर बताया। पुलिस ने उसके पास रखी तलवार को जब्त कर लिया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 262/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में उपद्रवी और चाकूबाजी जैसी गतिविधियों में शामिल बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के दिशा-निर्देशन में की गई।