बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नन्हीं गार्गी ने अनूठी पहल करते हुए पर्व को प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता के भाव के साथ मनाया। गार्गी ने Healthcare Workers, Helpers, Security Guards सहित समाज की सुरक्षा एवं सेवा में निरंतर जुटे लोगों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर गार्गी ने बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह को भी राखी बांधी और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। नन्हीं बच्ची की इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को एक व्यापक सामाजिक संदेश से जोड़ दिया।


गार्गी फाउंडेशन की अध्यक्ष बिंदु सिंह कछवाहा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में कृतज्ञता, सम्मान, दया और सहानुभूति जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना है। गार्गी ने अपनी मासूम मुस्कान और छोटे हाथों से राखी बांधकर यह संदेश दिया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है, जो हमारी सुरक्षा, सुविधा और सेवा के लिए निरंतर कार्य करते हैं।


राखी बांधने के दौरान गार्गी को आशीर्वाद और स्नेह मिला। यह अवसर उसके लिए प्रेम, सम्मान, मुस्कान और सेवा-भाव से भरा यादगार अनुभव रहा। “छोटे हाथ, बड़े दिल” की इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक सरोकार और कृतज्ञता के सुंदर संदेश से जोड़ दिया।