बिलासपुर। त्योहारी सीजन में शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने कासिमपारा तोरवा के पास चाकू लहराकर लोगों के बीच दहशत और अशांति का माहौल पैदा कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 4 सितंबर 2026 को कासिमपारा क्षेत्र में एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर घूम रहा था और क्षेत्र में अशांति का माहौल बना रहा था। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान गुलजार उर्फ बच्चा हड़लेस्कर (19 वर्ष), निवासी एनी कॉलोनी, तोरवा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया।

आरोपी के खिलाफ थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 485/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारी सीजन को देखते हुए थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।