
मल्हार। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), बद्री प्रसाद देवांगन मध्य नगरीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार की छात्राओं ने पुलिस सहायता केंद्र मल्हार पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की और मिठाई खिलाई।
पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को मिठाई खिलाकर स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने बहनों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेते हुए उन्हें सुरक्षा का वचन दिया। एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मियों का सम्मान करते हुए उन्हें पेन और रुमाल भी भेंट किए।
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं और उपस्थित विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी करुणेश कुमार नापित ने पुलिसकर्मी भाइयों और एनएसएस की बहनों का आभार जताते हुए कहा कि रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है।
कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार वैष्णव के आशीर्वाद तथा डॉ. मनोज सिन्हा, कार्यक्रम समन्वयक, डॉ. कांति अंचल, पूर्व जिला संगठक और शीतेश जैन, जिला संगठक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
बिलासपुर पुलिस ने भी इस पहल के लिए एनएसएस की बहनों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि समाज और पुलिस के बीच ऐसे स्नेहपूर्ण संबंध सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।