बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में घर में अकेली टीवी देख रही 23 वर्षीय दिव्यांग युवती से गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती की छोटी बहन के मौके पर पहुंचकर शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। शिकायत के बाद चकरभाठा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता चलने-फिरने में असमर्थ है और घर पर ही रहती है। रविवार दोपहर परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान गांव का रहने वाला माखन लाल घृतलहरे कथित रूप से शराब के नशे में घर में घुस गया। वह कमरे में पहुंचा और टीवी की आवाज बढ़ाकर युवती के साथ जबरदस्ती करने लगा।

इसी दौरान उसकी छोटी बहन कमरे में पहुंच गई। उसने बड़ी बहन को आरोपी के चंगुल में देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। परिजनों के लौटने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।