बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत बदमाशों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार धारदार चाकू जब्त किए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र के सात बदमाशों के खिलाफ धारा 170, 126-3, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जबकि पांच बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को टाउन भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अमरैया चौक, बहतराई चौक, महामाया चौक और सीपत चौक में कुछ युवक हाथ में तेज धारदार बटनदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग प्रकार के चार धारदार चाकू बरामद हुए। चाकू रखने और सार्वजनिक स्थान पर उन्हें लहराकर लोगों में भय पैदा करने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय बिलासपुर के समक्ष पेश किया जा रहा है।

ये आरोपी गिरफ्तार:

पुलिस ने भारत कुलपहाड़ी (32), निवासी भारत माता चौक चिंगराजपारा; साहिल सूर्यवंशी (20), निवासी शिव मंदिर के पास प्रभात चौक चिंगराजपारा; मोहित राव कामले (19), निवासी सूर्या चौक चिंगराजपारा और अभिषेक साहू उर्फ नानू (21), निवासी श्याम नगर लिंगियाडीह काली मंदिर के पास को गिरफ्तार किया है।

सात बदमाशों पर कार्रवाई:

पुलिस ने संतोष सोनी (45), ताज खान (45), सुनील साहू (30), शेख शहजादा हुसैन उर्फ बबलू (28), ऋषि देवांगन (20), नरोत्तम कश्यप (38) और साहेब लाल राजपूत (58) के खिलाफ धारा 170, 126-3, 135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।

पांच बदमाशों का कराया बाउंड ओवर:

इसी क्रम में ओमप्रकाश निषाद (28), नीव अनचंदानी (18), प्रसन्नजीत सिन्हा (23), सत्यप्रकाश शास्त्री (25) और मुकारक अली (39) के विरुद्ध धारा 126-3, 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार जारी अभियान का हिस्सा है।

यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।