बिलासपुर। मानसून सीजन के करीब ढाई माह बीतने के बाद बिलासपुर जिले में अब तक 896.1 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह प्रदेश के 19 जिलों से अधिक है। वहीं, 13 जिलों में बिलासपुर से ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विभाग के 28 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार बारिश के मामले में बिलासपुर प्रदेश में 14वें स्थान पर है।
इस मानसून सीजन में 1 जून से 28 अगस्त तक जिले में 896.1 मिमी पानी गिर चुका है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 823.5 मिमी मानी जाती है। इस लिहाज से बिलासपुर में सामान्य से 72.6 मिमी अधिक बारिश हुई है। हालांकि सामान्य से अधिक बारिश होने के बावजूद मौसम विभाग के मानकों के अनुसार जिले में वर्षा की स्थिति अभी सामान्य श्रेणी में है।
सामान्य से 8.8 प्रतिशत अधिक बारिश
आंकड़ों के मुताबिक बिलासपुर में अब तक सामान्य से 8.8 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई है। बारिश सामान्य से अधिक जरूर है, लेकिन यह अंतर इतना नहीं है कि जिले को मौसम विभाग की ‘अधिक वर्षा’ श्रेणी में रखा जाए। यही वजह है कि फिलहाल जिले में बारिश को सामान्य माना जा रहा है।
इस बार बिलासपुर में मानसून जून के अंतिम सप्ताह में पहुंचा था। इसके बावजूद जुलाई और अगस्त में हुई बारिश ने वर्षा की स्थिति को सामान्य से ऊपर बनाए रखा है। मानसून सीजन में अभी करीब डेढ़ माह बाकी है, इसलिए आने वाले दिनों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
मुंगेली में बिलासपुर से 103 मिमी ज्यादा बारिश
बिलासपुर संभाग के जिलों में भी बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा है। मुंगेली में अब तक 999.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो बिलासपुर की तुलना में करीब 103 मिमी अधिक है। इससे स्पष्ट है कि संभाग के अलग-अलग क्षेत्रों में मानसून की सक्रियता में अंतर रहा है।
प्रदेश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिलासपुर से अधिक बारिश वाले 13 जिले हैं, जबकि 19 जिलों में इससे कम वर्षा दर्ज की गई है। आगामी डेढ़ माह में होने वाली बारिश के बाद प्रदेश में बिलासपुर की स्थिति में बदलाव आ सकता है।