बिलासपुर। थाना हिर्री क्षेत्र में अवैध कबाड़ दुकानों के संचालन और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर हिर्री पुलिस ने क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाते हुए पांच व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में अवैध कबाड़ दुकानों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीट आरक्षकों के माध्यम से लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में खजुरी, मोहदा सहित अन्य स्थानों पर की गई जांच के दौरान पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

कार्रवाई में सरोज कोशले (26), भगवान सिंह छेदाम (45), सुनील घृतलहरे (20), युसुफ खान (58) और दीपक चौहान (30) को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के दिशा-निर्देशन में की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, नशाखोरी, सार्वजनिक स्थानों पर अशांति या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हिर्री पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में नशाखोरी, अवैध कबाड़ कारोबार या सार्वजनिक स्थान पर अशांति फैलाने वाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।