
बिलासपुर। चकरभाठा थाना पुलिस ने संगठित रूप से जुआ खिलाने और खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट लगाकर 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को थाना प्रभारी चकरभाठा निरीक्षक भावेश शेंडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट लगाकर जुए की महफिल सजाई गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम को ग्रामीण वेशभूषा में मौके पर रवाना किया गया। टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।
पुलिस को मौके पर कई लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेलते मिले। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलेश साहू (25), संदीप भारद्वाज (26), साहिल घोषले (19), सभी निवासी ग्राम पिरैया थाना चकरभाठा, तथा चंद्रप्रकाश भार्गव (42), निवासी दुर्गडीह थाना बिल्हा के रूप में हुई है।
95,730 रुपये का सामान जब्त
पुलिस ने जुआ फड़ से 15,730 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक की बोरी फट्टी, पीले रंग का एक तिरपाल, होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 6140 और चार मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामान की कुल कीमत 95,730 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अन्य फरार आरोपियों के साथ मिलकर संगठित रूप से जगह बदल-बदलकर जुआ खिलाते और खेलते थे। मामले में संगठित रूप से जुआ संचालित करने के तथ्य सामने आने पर पुलिस ने धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी। आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय बिल्हा के समक्ष पेश किया गया है। फरार आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या अवैध कार्य की सूचना तत्काल 112, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा थाना चकरभाठा को देकर पुलिस का सहयोग करें।