बिलासपुर। आगामी त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीपत पुलिस ने आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने तीन गुंडा बदमाशों को धारदार तलवार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में गिरफ्तार किया है। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आपराधिक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत 3 सितंबर को सीपत पुलिस ने थाना क्षेत्र में कार्रवाई की।

गांव में हाथ में धारदार तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने तीन गुंडा बदमाशों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में सोहन वर्मा (33), निवासी बाजारपारा सीपत, अमलेश उर्फ छोटू साहू (29), निवासी मड़ई और राजकुमार केंवट (29), निवासी कौड़िया शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया।

इसके अलावा पुलिस ने थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे चार स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया। इनमें जेठूराम वागले (72), निवासी जांजी, मुन्नालाल (65), निवासी पंधी, महेंद्र केंवट (28) और नील कमल सूर्यवंशी (46), दोनों निवासी सेलर शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों को संबंधित न्यायालयों में पेश किया। सीपत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।