बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने दोपहिया वाहन एवं मोबाइल चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल, प्लेजर स्कूटी और सैमसंग मोबाइल बरामद कर जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बिरकोना निवासी सलीम मिरी (30) ने 1 सितंबर को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की रात उसके कमरे के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BM 1677 चोरी हो गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1242/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस और ACCU की टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बालक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर बालक को संरक्षण में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में उसने वाइजर का तार डायरेक्ट कर पल्सर बाइक चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस की पूछताछ में बालक ने अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया। उसने साइंस कॉलेज के पास एक मकान से काले रंग का सैमसंग मोबाइल तथा खपरगंज जवाली नाला रोड, सिटी कोतवाली क्षेत्र से प्लेजर स्कूटी क्रमांक CG 04 MX 7653 चोरी करना बताया।

बालक की निशानदेही पर पुलिस ने ज्योति होटल, सीपत रोड के पीछे पानी टंकी के पास से पल्सर बाइक और प्लेजर स्कूटी बरामद की। वहीं उसकी जेब से चोरी का सैमसंग मोबाइल भी बरामद कर जब्त किया गया।

विधि से संघर्षरत बालक होने के कारण पुलिस ने नियमानुसार उसे किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।