
बिलासपुर। पहचान के व्यक्ति से महज 15 मिनट के लिए मोटरसाइकिल मांगकर ले जाने के बाद उसे वापस नहीं करने वाले आरोपी को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी जनवरी 2026 से मोटरसाइकिल लेकर फरार था। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ बलौदाबाजार जिले के भाटापारा थाने में भी मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज होना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कामदास मानिकपुरी ने 9 अगस्त 2026 को चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 31 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1.30 बजे वह ट्रांसपोर्ट नगर परसदा स्थित बबलू गैरेज में काम कर रहा था। इसी दौरान उसके गांव मुढ़ीपार निवासी दानू मसीह (40) ने जरूरी काम बताकर उसकी हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BT 0191 करीब 15 मिनट के लिए मांगी और लेकर चला गया। इसके बाद आरोपी ने मोटरसाइकिल वापस नहीं की।
शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 467/2026, धारा 316(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि दानू मसीह के खिलाफ भाटापारा थाने में भी मोटरसाइकिल चोरी का अपराध दर्ज है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को आरोपी दानू मसीह को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल के अलावा एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। बरामद वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चकरभाठा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी थाना में देकर पुलिस को सहयोग करें।